हरियाणा सीएम नायब सैनी का कांग्रेस पर कसा तंज, सैनी बोले, कांग्रेस को नहीं मिल रहे उम्मीदवार
कांग्रेस की हालत प्रदेश में खराब, दसों लोकसभा और करनाल विधानसभा जीतकर भाजपा रिकॉर्ड बनाएगी : मनोहर लाल भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेता कांग्रेस पर जमकर बरसे और बाबा अंबेडकर को श्रद्धा सुमन अर्पित किए

करनाल, 14 अप्रैल। लोकसभा चुनाव और करनाल विधानसभा उपचुनाव को लेकर सीएम नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक साथ मिलकर रैलियां कर रहे हैं। रविवार को करनाल में अंबेडकर जयंती के मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने विजय संकल्प रैली का आयोजन किया, जिसमें मुख्यमंत्री और पूर्व सीएम मनोहर लाल एक साथ पहुंचे। पुरानी सब्जी में बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विजय संकल्प रैली को संबोधित करने से पहले बाबा साहब को मुख्यमंत्री ने याद किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह से कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने पिछले लगभग 10 सालों में अपने सभी वादे पूरे किए हैं। जबकि कांग्रेस ने अपने कई दशकों के शासनकाल में जनता की कभी सुध नहीं ली। कांग्रेस ने केवल गरीब को और गरीब किया। कांग्रेस ने न कभी किसानों की परवाह की और न ही युवाओं की। महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके सम्मान की कभी भी कांग्रेस ने चिंता नहीं की। हर वर्ग की उपेक्षा के कारण आज कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। सुबह जिसे तैयार करते हैं, शाम को वह मना कर जाता है।
बोक्स
कांग्रेस के पास कार्यकर्ता नहीं, कांग्रेस का जोश भी ठंडा पड़ा : मनोहर लाल
करनाल, 14 अप्रैल। पूर्व सीएम मनोहर लाल ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कार्यकर्ताओं का भी टोटा है। कांग्रेस का जोश ठंडा पड़ चुका है। कांग्रेस अभी तक अपने कैंडिडेट को भी मैदान में नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा कि मेरे सत्ता संभालने से पहले प्रदेश में जातिवाद फैला हुआ था,भ्रष्टाचार फैला हुआ था,परिवारवाद की लड़ाइयां लड़ी जाती थी, कांग्रेस ने अपने ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर की पिटाई कर दी,
इससे बड़ा कोई दुर्भाग्य नहीं हो सकता। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस की हालत ज्यादा खराब हो चुकी है। जनता आज केवल मोदी की गारंटी का विश्वास करती है। क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले जितने वादे किए थे, वो सारे संकल्प के साथ पिछले दस सालों में पूरे किए और अब विकसित भारत का विजन लेकर मोदी जी आगे बढ़ रहे हैं। देश की भी मोदी जी के इस संकल्प को पूरा करने में उनका साथ दे रही है। रैली के पश्चात रेलवे रोड स्थित विधानसभा उप चुनाव के लिए कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
What's Your Reaction?






